Saturday, April 18, 2026
HomeNewsbeatदिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ न मिलने पर सांसद ने उठाई आवाज

दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ न मिलने पर सांसद ने उठाई आवाज

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)l जनपद में दिव्यांगजनों को एडीप (दिव्यांग व्यक्तियों को सहायक उपकरण प्रदान करने की योजना) और वयोश्री योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पाने का मामला अब जनप्रतिनिधियों के स्तर पर उठने लगा है। सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर ने इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, भारत सरकार को पत्र लिखकर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।

सांसद ने अपने पत्र में बताया कि जिले में बड़ी संख्या में पात्र दिव्यांगजन अब भी कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर शिविरों का आयोजन नहीं हो रहा है, जिससे लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पंजीकरण और चयन प्रक्रिया को लेकर भी शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण वितरण में देरी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के चलते कई जरूरतमंद लोग योजनाओं तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं, जिससे उनके दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सांसद ने मांग की है कि बलिया जनपद में इन योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाए तथा नियमित रूप से शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाए। इस संबंध में जानकारी मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा ने दी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments