Thursday, April 16, 2026
HomeNewsbeatटावर पर चढ़ा आशिक, शादी की जिद में चार घंटे तक हाई...

टावर पर चढ़ा आशिक, शादी की जिद में चार घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटहरा टोला शहीदपुर में गुरुवार की भोर एकतरफा प्रेम का मामला उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब 25 वर्षीय युवक अपनी कथित प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने धमकी दी कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह कूदकर जान दे देगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटहरा टोला शहीदपुर निवासी इंसाद पुत्र सिराजुद्दीन का अपने रिश्तेदारी की एक युवती से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध होने का दावा है। युवक का कहना है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने उसकी शादी गांव के ही दूसरे युवक से तय कर दी है, जिसकी तिथि 5-6 जून निर्धारित है। इसी बात से आहत होकर युवक मानसिक तनाव में आ गया।
बताया जाता है कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे युवक गांव में पूर्व प्रधान कमलेश सिंह के घर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह जैसे ही ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने टीम के साथ करीब चार घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने रणनीति बदलते हुए युवती को कोतवाली बुलाया।
युवती के मौके पर पहुंचने के बाद ही युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सकुशल नीचे उतार लिया और उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है।
इस दौरान युवती ने स्पष्ट रूप से युवक से शादी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वह अपने माता-पिता के निर्णय के अनुसार ही विवाह करेगी। साथ ही उसने युवक के साथ किसी भी प्रकार के प्रेम संबंध से भी इनकार किया।
घटना के दौरान गांव में घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और लोग इस पूरे हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा करते नजर आए। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। इसइस संबंध में चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि युवक, युवती और उनके परिजनों को कोतवाली लाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। युवती ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने परिवार के निर्णय के अनुसार ही विवाह करेगी और युवक से उसका कोई संबंध नहीं है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments