22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का सुनहरा अवसर
कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। दावे एवं आपत्तियां 06 मार्च 2026 तक जमा की जा सकती हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक सभी बूथों पर अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां फॉर्म भरने में सहायता दी जाएगी।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत प्राप्त प्रपत्रों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट, ग्राम प्रधान, सभासद और स्वयंसेवकों को भी अभियान की जानकारी देकर सहयोग लिया जा रहा है।
विशेष अभियान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। निरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा अन्य अधिकारी बूथों का भ्रमण करेंगे।
प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 22 फरवरी को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
