Tuesday, March 31, 2026
HomeNewsbeatहजारीबाग में बेखौफ बदमाश, दिनदहाड़े 25 लाख की लूट

हजारीबाग में बेखौफ बदमाश, दिनदहाड़े 25 लाख की लूट

सोने की दुकान में लूट, 25 लाख के जेवरात ले उड़े बदमाश, फायरिंग में एक घायल


हजारीबाग (राष्ट्र की परम्परा)झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बड़कागांव बाजार स्थित प्रभु सोने की दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर करीब 25 लाख रुपये के जेवरात की लूट कर ली। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। लूट के दौरान और भागते समय बदमाशों ने 5–6 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पहले दुकान को निशाना बनाया और जेवरात समेटने के बाद बाहर निकलकर भागने लगे। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांग्रेस नेता रामसेवक सोनी के भाई सुधीर सोनी के हाथ में गोली लग गई। गोली लगते ही बाजार में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

ये भी पढ़ें – गांव का नाम बना अभिशाप: बलिया के रूपवार तवायफ में टूटी शादियां, बदली पहचान की मांग
मोटरसाइकिल से आए, पश्चिम दिशा में फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। वारदात के बाद वे उसी बाइक से बड़कागांव की पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं। कुछ ही मिनटों में पूरा बाजार सुनसान हो गया।
घायल की हालत खतरे से बाहर
गोली लगने से घायल सुधीर सोनी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए।

ये भी पढ़ें – 1995 के केस में MP-MLA कोर्ट सख्त, पप्पू यादव की गिरफ्तारी

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है। बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी जल्द हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर हजारीबाग में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े बाजार में लूट और फायरिंग से व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments