Friday, February 6, 2026
HomeNewsbeatसफाईकर्मी द्वारा बाबू के रूप में काम करने का आरोप, डीएम ने...

सफाईकर्मी द्वारा बाबू के रूप में काम करने का आरोप, डीएम ने दिए जांच के निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश सचिव अब्दुल अजीम ने विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में कार्यरत एक सफाईकर्मी द्वारा लंबे समय से बाबू के रूप में कार्य करने और प्रशासनिक कामकाज को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है।
अब्दुल अजीम ने बताया कि डीपीआरओ कार्यालय में तैनात सफाईकर्मी आफताब बीते लगभग 20 वर्षों से बाबू की तरह कार्य कर रहा है। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती के चलते उसकी प्रधानों और पंचायत सचिवों के साथ गहरी सांठ-गांठ बन गई है। आरोप है कि जब गांव के लोग प्रधानों या पंचायत सचिवों की शिकायत जिलाधिकारी या अन्य अधिकारियों से करते हैं, तो वह संबंधित लोगों से मेल-मिलाप कर कार्रवाई को रुकवा देता है।
प्रदेश सचिव का कहना है कि जिन प्रधानों या पंचायत सचिवों से उसकी डीलिंग नहीं हो पाती, उनके विरुद्ध वह प्रशासनिक कार्रवाई करवा देता है। आरोप लगाया गया कि वह डीपीआरओ सहित अन्य अधिकारियों को भ्रमित कर देता है, जिससे निष्पक्ष जांच प्रभावित होती है। जो अधिकारी निष्पक्षता से जांच कर रिपोर्ट भेजते हैं, उनकी जांच के बाद डीपीआरओ कार्यालय में पहुंची पत्रावलियों को दबा दिया जाता है, जिससे दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो पाती।
अब्दुल अजीम ने मांग की कि संबंधित सफाईकर्मी को उसके मूल तैनाती स्थान वाले गांव में भेजा जाए, ताकि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और आम लोगों को न्याय मिल सके।
पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments