बुलंदशहर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गांव में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसी मकान में किराए पर रह रहे दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के इरादे से आरोपियों ने बच्ची के शव को छत से नीचे खेत में फेंक दिया।
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद निवासी एक श्रमिक की छह वर्षीय बेटी शुक्रवार शाम खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान पता चला कि बच्ची मकान की ऊपरी मंजिल पर चली गई थी, जहां पहले से दो अन्य किराएदार युवक मौजूद थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। बच्ची को अकेला पाकर उन्होंने जघन्य वारदात को अंजाम दिया। विरोध और शोर मचाने पर बच्ची की हत्या कर दी गई और मामले को हादसा दिखाने के लिए शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। देर रात पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये भी पढ़ें – दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, भतीजा-भतीजी घायल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू, निवासी भगवानपुर, थाना रहरा बाजार, जनपद बलरामपुर और वीरू कश्यप, निवासी गोला गोरखनाथ, थाना कोतवाली, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।
एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती सूचना बच्ची के तीसरी मंजिल से गिरने की थी, लेकिन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा और किराएदारों के सत्यापन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ये भी पढ़ें – देवरिया मेडिकल कॉलेज में तीन दिन से खराब पड़ी लिफ्ट, मरीजों को हो रही भारी परेशानी
