मुजफ्फरनगर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरैटी गांव में ग्राम प्रधान विवेक राठी के 19 वर्षीय इकलौते बेटे रोहन राठी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। बीए-एलएलबी का छात्र रोहन बुधवार रात दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर खेत के पास उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस प्रथमदृष्टया लाठी-डंडों से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
रातभर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने शुरू की तलाश
परिजनों के मुताबिक रोहन के देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह खेत की ओर गए एक किसान ने शव देखा और इसकी जानकारी प्रधान के परिवार को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रोहन के रूप में की। परिवार का कहना है कि रोहन की किसी से कोई ज्ञात रंजिश नहीं थी। पुलिस अब उसकी बुधवार रात की गतिविधियों और पार्टी में उसके साथ मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
CCTV, GPS और CDR से जांच आगे बढ़ा रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही GPS लोकेशन और CDR के माध्यम से रोहन के अंतिम संपर्कों तथा उसकी आवाजाही की जानकारी जुटाई जा रही है। एसओजी की तकनीकी टीम को भी जांच में लगाया गया है।
एसपी सिटी बोले- तीन टीमें जांच में जुटीं
एसपी सिटी अमृत जैन के अनुसार, शव की पहचान होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को लगाया गया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। CCTV, GPS और CDR समेत तकनीकी माध्यमों से जांच की जा रही है तथा एसओजी भी मामले में लगी है।
अखिलेश यादव ने जताया दुख, हत्यारों के खुलासे की मांग
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर दुख जताते हुए हत्यारों का जल्द पता लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल टीमें गठित करने तक सीमित न रहे और घटना का जल्द खुलासा किया जाए। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश है। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी सहित ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
ट्राई का बड़ा बदलाव: डेटा नहीं चाहिए तो सिर्फ कॉल-एसएमएस का विकल्प, मोबाइल रिचार्ज बाजार…
समस्तीपुर में युवक-युवती से अभद्रता का वीडियो वायरल, पुलिस जांच शुरू समस्तीपुर (राष्ट्र की परम्परा…
ट्रंप-शी वार्ता पर भारत की नजर, टैरिफ और रेयर अर्थ से तय होंगे वैश्विक व्यापार…
जम्मू-कश्मीर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर एक साथ कई…
सौजन्यसे PS शिलांग/नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। मेघालय की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने…
मोदी के दिसंबर कनाडा दौरे की तैयारी, व्यापारिक रिश्तों को नई दिशा देने की कवायद…