मोबाइल के दौर में चिट्ठी ने दिलाई बड़ी पहचान! अहमदाबाद की मीरा को ₹25 हजार का पुरस्कार

1,796 विद्यार्थियों में अव्वल रहीं मीरा ठक्कर, अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता में गुजरात में पहला स्थान

अहमदाबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते दौर में जब लोगों के बीच संवाद के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, तब एक छात्रा ने कलम और कागज की ताकत से अपनी अलग पहचान बनाई है। अहमदाबाद के महाराजा अग्रसेन विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा मीरा पी. ठक्कर ने यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (यूपीयू) की अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026 में गुजरात परिमंडल में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने ₹25,000 का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत 12 अक्टूबर को आयोजित ‘फन विद फिलेटली दिवस’ कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘डिजिटल दुनिया में मानवीय जुड़ाव क्यों मायने रखता है’ था। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि तकनीक के तेजी से विकास के बावजूद मानवीय संवेदनाओं, आत्मीय संवाद और व्यक्तिगत संबंधों का महत्व कम नहीं हुआ है। इस प्रतियोगिता में गुजरात परिमंडल के विभिन्न विद्यालयों के कुल 1,796 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मीरा पी. ठक्कर ने पहला स्थान प्राप्त किया। वडोदरा स्थित भारतीय विद्या भवन के वी. एम. पब्लिक स्कूल की छात्रा केशवी डी. जोशी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि पाटन स्थित सरियद कुमार प्राथमिक विद्यालय के छात्र दीक्षित टी. रबारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सम्मान समारोह में मीरा के पिता डॉ. पार्थिव कनुभाई ठक्कर और माता डॉ. मित्तल पार्थिव ठक्कर भी मौजूद रहे। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक टिकट किसी देश की सभ्यता, संस्कृति, कला और ऐतिहासिक विरासत को जानने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं, पत्र लेखन केवल संदेश पहुंचाने का तरीका नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोकर दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाने की कला है। डिजिटल माध्यमों के बीच भी हाथ से लिखे पत्रों की आत्मीयता और व्यक्तिगत जुड़ाव का महत्व बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को पत्र लेखन और डाक टिकट संग्रह जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। इससे बच्चों की लेखन क्षमता और कल्पनाशीलता को बढ़ावा मिलने के साथ उन्हें देश-दुनिया के इतिहास, कला और संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है। फिलेटली यानी डाक टिकट संग्रह को ‘किंग ऑफ हॉबीज और हॉबी ऑफ किंग्स’ भी कहा जाता है, क्योंकि इसके माध्यम से अलग-अलग विषयों और देशों की विरासत के बारे में रोचक जानकारी हासिल की जा सकती है। डाक विभाग बच्चों और युवाओं में इन रुचियों को बढ़ावा देने के लिए डाक टिकट प्रदर्शनियों, फिलेटली जमा खाते, ‘माई स्टाम्प’, दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना, ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और यूपीयू अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम संचालित करता है। इन पहलों का उद्देश्य नई पीढ़ी को डाक सेवाओं की विरासत से परिचित कराने के साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह-2026 के तहत अहमदाबाद सिटी डिवीजन की ओर से सिंधु भवन स्थित किताबी आंगन कैफे में ‘डिजिटल डिटॉक्स–पत्रों के माध्यम से फिर से जुड़ें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को कुछ समय डिजिटल माध्यमों से दूर रहकर पत्रों के जरिए संवाद करने के लिए प्रेरित करना और भारतीय डाक की समृद्ध विरासत को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में शिशिर कुमार ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सहायक निदेशक अल्पेश शाह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक पीठडिया ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक रितुल गांधी, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह और रोनक शाह, डाक निरीक्षक भाविन प्रजापति, पायल पटेल, आदित्य देसाई सहित डाक विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मीरा ठक्कर की उपलब्धि इस बात का संदेश देती है कि डिजिटल तकनीक के दौर में भी लेखन, संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों की अहमियत बरकरार है। एक पत्र किसी तक सूचना पहुंचाने के साथ उसके चेहरे पर मुस्कान भी ला सकता है। जरूरत है कि नई पीढ़ी मोबाइल स्क्रीन के साथ किताब, कलम और कागज से भी अपना रिश्ता मजबूत बनाए।

Editor CP pandey

Recent Posts

‘बुढ़ापे का सहारा है पेंशन’—देवरिया में पेंशनर्स संस्था ने दी संघर्ष की चेतावनी, जानिए क्या हैं मांगें

पेंशनरों के हक पर नहीं चलेगी कैंची! आठवें वेतन आयोग में भेदभाव के खिलाफ देवरिया…

31 minutes ago

शारदा यूनिवर्सिटी में युवाओं के नवाचार का दम!

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में तीन विजेता सम्मानित, सोलर चार्जर और ईवी मॉडल ने खींचा…

1 hour ago

DM ने बाजरे की फसल तौली, चुनावी केंद्र परखी व्यवस्थाएं, जनगणना की तैयारी भी जांची

फोटो प्रेस विज्ञप्ति आगरा में एक्शन मोड में DM मनीष बंसल: बाजरे की पैदावार से…

2 hours ago

पेयजल की शुद्धता पर रेलवे की सख्ती, एक सप्ताह में 602 क्लोरीन परीक्षण

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में यात्रियों और रेल कर्मचारियों को…

2 hours ago

अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट…

2 hours ago