महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)।जनगणना- 2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के 13 चार्जों में बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। जिले के कुल 15 चार्जों (4 तहसील व 11 नगर निकाय) में से नगर पालिका परिषद सिसवा और आनंदनगर को छोड़कर शेष सभी चार्जों में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक अलग-अलग बैचों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
तहसील सदर के समेकित विद्यालय धनेवा-धनेई में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, तहसीलदार सदर और जिला सूचना अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण ले रहे प्रगणकों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रगणकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य में आर्थिक, सामाजिक और विकास संबंधी नीतियों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का आधार बनते हैं। इसलिए जनसंख्या गणना में हर जानकारी का सही, तथ्यपरक और निर्धारित दिशा- निर्देशों के अनुरूप संकलन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रथम चरण में जिस तत्परता और निष्ठा से कार्मिकों ने काम किया, उसी प्रतिबद्धता से द्वितीय चरण के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रथम चरण के दौरान विभिन्न जनपदों में सामने आई त्रुटियों और व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी प्रशिक्षण में अवश्य साझा करें, ताकि उनसे सीख लेकर जिले में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के संकलन और दिशा-निर्देशों की स्पष्ट समझ विकसित करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण स्थलों पर जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, भोजन और जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यवस्था के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी अथवा कार्मिक को नोडल नामित कर जवाबदेही तय की जाए, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
इसी क्रम में तहसील फरेंदा और नगर पंचायत बृजमनगंज में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। वहीं नगर पंचायत घुघली में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिले में जनसंख्या गणना के लिए कुल 1,964 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाना है। बृहस्पतिवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 1,816 कार्मिक उपस्थित रहे, जबकि 148 कार्मिक अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों द्वारा जनगणना कार्य की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा- निर्देशों और तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। सभी चार्जों में प्रशिक्षण के दौरान चार्ज अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन प्रशिक्षण की गुणवत्ता, कार्मिकों की दक्षता और दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि जनसंख्या गणना का कार्य सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जा सके।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। महथापार निवासी बीरबल वर्मा को उनके पैतृक मकान में हिस्सेदारी दिलाने…
निर्माण पूरा होने के बाद बस स्टैंड, ई-रिक्शा स्टैंड और ठेलों को व्यवस्थित करने की…
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महानगर के खन्नौत नदी के पास स्थित अक्षरधाम कॉलोनी में सड़क…
बलिया में स्नातक व शिक्षक चुनाव को लेकर पुलिस लाइन में हुई ब्रीफिंग, 20 पोलिंग…
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के…
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, 2 अक्टूबर की रात इंटरलॉकिंग प्लांट से…