लेखक: संजय एम. तराणेकर
इन्दौर (मध्य प्रदेश)। राजनीति भी बड़ी कमाल की चीज है। नेताओं के मुंह से कोई शब्द निकल जाए, तो राष्ट्रीय बहस छिड़ जाती है। अध्यक्षजी के बयान में ‘बाप’ शब्द क्या आया, हमें अपने पापा याद आ गए।
हमारे पापा जब अम्मा से झगड़ते, तो अक्सर कहते, “तू क्या, तेरा बाप भी आएगा!” अम्मा तुरंत पलटवार करतीं, “हम तो तुम्हारी इज्जत करते हैं, तुमने हमारे बाबूजी का नाम कैसे लिया?” वहीं पापा का जवाब होता, “कान खोलकर सुन ले, एक नहीं, दस बार लूँगा!”
हम संदूक के पीछे दुबककर सोचते कि पापा ने नानाजी का नाम तो लिया ही नहीं, फिर अम्मा नाराज क्यों हैं? और कान खोलकर सुनने का मतलब क्या है? क्या कानों में भी दरवाजों की तरह कब्जे लगे होते हैं?
बड़े होकर समझ आया कि घर हो या राजनीति, जब तर्क कमजोर पड़ने लगते हैं, तो रिश्तेदारों को मैदान में उतार दिया जाता है। अध्यक्षजी के बयान में कोई ‘जाएगा’, तो हमारे पापा के संवाद में कोई ‘आएगा’। फर्क बस इतना है कि एक राष्ट्रीय स्तर पर बोलता है, दूसरा पारिवारिक स्तर पर। वहाँ प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है, यहाँ रसोई के पास। वहाँ राजनीतिक गलियारों में हलचल मचती है, यहाँ घर के गलियारों में सन्नाटा छा जाता है।
वैसे हमारे पापा की राजनीति भी कम दिलचस्प नहीं थी। अम्मा विपक्ष की नेता थीं और हम निर्दलीय सदस्य। मतदान करने की हमारी हैसियत नहीं थी, क्योंकि मतदान से पहले ही हमें संदूक के पीछे शरण लेनी पड़ती थी! घर में झगड़ा खत्म होने पर अम्मा-पापा एक ही थाली में खाना खा लेते थे, लेकिन राजनीति में बयानबाजी खत्म होने के बाद भी आरोप-प्रत्यारोप की थाली सजती रहती है।
सच तो यह है कि जब बहस में रिश्तेदारों को घसीटना पड़े, तो समझिए मुद्दे कमजोर और अहंकार मजबूत हो गया है। अध्यक्षजी का बयान सुनकर पापा की याद आई। फर्क इतना है कि तब हम संदूक के पीछे छिपते थे, आज लोग टीवी का चैनल बदल लेते हैं। जमाना बदल गया, मगर बहस में ‘बाप’ को घसीटने की परंपरा आज भी कायम है!
संजय एम. तराणेकर
कवि, लेखक व समीक्षक
इन्दौर-452011 (मध्य प्रदेश)
इंदौर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क )। क्या किसी बच्चे का खुद कपड़े पहनना, स्ट्रोक के…
लेखक: अभिषेक कुमार इतिहास केवल उन लोगों की कहानी नहीं है, जिन्होंने अपने जीवन में…
व्यक्तित्वों की प्रेरक कहानी लेखक: अभिषेक कुमार इतिहास केवल बीते हुए कल की घटनाओं का…
प्रस्तुत रिपोर्ट -अभिषेक कुमार इतिहास केवल बीते दिनों की कहानी नहीं, बल्कि वर्तमान को समझने…
पेट्रोल की बादशाहत को चुनौती! भारत में E100 ईंधन को हरी झंडी, क्या अब घटेगी…
मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि सुबह 7:01…