यूपी में बिना भेदभाव हर व्यक्ति की सुरक्षा की गारंटी : सीएम योगी

सुरक्षा का माहौल बनने से यूपी के प्रति बदली लोगों की धारणा

व्यापारी सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री, व्यापार के लिए सुरक्षा व शांति आवश्यक

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश और गोरखपुर नई आभा के साथ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। पूर्व में यहां गुंडा टैक्स एवं रंगदारी वसूली जाती थी। गरीबों की सम्पत्तियों, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर गुंडे, माफिया, सत्ताधारी दल के लोग कब्जा कर लेते थे,जबकि आज यूपी पूरी तरह इस अराजकता से मुक्त हो चुका है। यहां बिना भेदभाव हर व्यक्ति को सुरक्षा की गारंटी है। सुरक्षा का माहौल बनने से उत्तर प्रदेश के प्रति सबकी धारणा बदली है। देश-दुनिया के निवेशक यूपी में निवेश को इच्छुक हैं।

सीएम योगी शनिवार पूर्वाह्न गोरखपुर में नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। संयुक्त व्यापार मंडल के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर आर्यनगर उत्तरी में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि व्यापार के लिए सुरक्षा और शांति अत्यंत आवश्यक है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के लोगों का विश्वास बढ़ा है। व्यापार-उद्योग के क्षेत्र में रिफॉर्म के अनेक कार्य हुए हैं। आज वैश्विक बाजार पूरी तरह भारत के लिए खुला हुआ है। इन सबका सकारात्मक प्रभाव प्रति व्यक्ति आय और जीवन स्तर पर पड़ा है।

डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन सरकार आवश्यक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापारी बंधु वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ खुद को कमल का फूल चुनाव निशान से जोड़ते रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान स्वतः स्फूर्त भाजपा के समर्थन में उतावले रहते हैं। पर, यह भी ध्यान रखना होगा कि नगर निकाय तीसरा सदन होता है और इसके चुनाव की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार का पैसा धरातल पर उतारने का काम निकायों को करना होता है। निकायों में अच्छा बोर्ड बनेगा तो सुविधाएं बढ़ेंगी। एक सुंदर वातावरण बनेगा। यदि इसमें गलत लोग चुने जाएंगे तो पैसों का बंदरबांट होगा। जनता को बिना भेदभाव सुविधाएं उपलब्ध हों, ईज ऑफ लिविंग का लक्ष्य प्राप्त हो, इसके लिए भाजपा का बोर्ड बनाना होगा। डबल इंजन सरकार के साथ ट्रिपल इंजन सरकार आवश्यक है।

मेट्रो के साथ जरूरत पड़ने पर रोपवे की भी देंगे सुविधा
सीएम योगी ने कहा कि नगर निकायों के पास पहले इतनी योजनाएं नहीं होती थीं। जबकि आज भाजपा की सरकार में वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने के लिए स्मार्ट एवं सेफ सिटी के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत उत्तर प्रदेश के 10 शहरों का चयन किया तो गोरखपुर समेत 7 अन्य का चयन राज्य सरकार ने स्टेट मिशन के अंतर्गत किया। आज उत्तर प्रदेश में 17 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना से एक सिस्टम के जरिए शहर को सुरक्षित, स्वच्छ व सुंदर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छे बोर्ड से पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन की भी बेहतर सुविधा मिलेगी। इसे आप गोरखपुर में देख भी रहे हैं। यहां 40 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। जल्द ही हम मेट्रो की दिशा में आगे बढ़ेंगे। जहां आवश्यकता होगी वहां रोपवे की भी सुविधा देंगे। उन्होंने कहा कि पहले शहर में सिंगललेन की सड़कें थीं। फिर डबललेन हुई और आज फोरलेन सड़कों का जाल बिछ रहा है। मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा मिल रही है। इन सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए नगर निगम में अच्छा बोर्ड बनाना जरूरी है।

डॉ मंगलेश के लिए अपील करने स्वयं आया हूं
व्यापारियों से मुखातिब मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में डॉ मंगलेश के लिए आज मैं स्वयं आप लोगों के बीच अपील करने आया हूं। सभी व्यापारी बंधु स्वयं को डॉ मंगलेश का प्रतिनिधि मानकर चुनाव अभियान से जुड़ें। अपने संगठनों के साथ अलग-अलग बैठक करें। मोहल्लों में संगठन की तरफ से भाजपा के पक्ष में होर्डिंग लगाएं।

चुटकी लेकर बोले, चार मई को नेपाल जाने की भूल मत करिएगा
मुख्यमंत्री ने मतदान के लिए व्यापारियों को सचेत करने के साथ चुटकी भी ली। कहा कि यह याद रखें, अति आत्मविश्वास घातक होता है। 4 मई को नेपाल जाने की भूल मत करिएगा। बॉर्डर सील रहेगा। 4 मई को सुबह 6 बजे से शाम तक फोन कर हर मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करें। इसके जिम्मेदारी आज आप सभी को सौंपा रहा हूं।

चुनाव लोकतंत्र का उत्सव, हर एक वोट की कीमत
मुख्यमंत्री ने अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और यह उत्सव लगना और दिखना भी चाहिए। चुनाव में हर एक वोट की कीमत होती है। जाति, पंथ, संप्रदाय, मजहब, छोटा-बड़ा, महिला-पुरुष, सबके वोट की कीमत के बराबर होती है। यही लोकतंत्र की खूबसूरती और ताकत भी है। इस ताकत का सकारात्मक इस्तेमाल कर आप अपने व आने वाली पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित वातावरण का सृजन कर सकते हैं।

भाजपा में समस्याओं के समाधान का माद्दा
सीएम योगी ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भारतीय जनता पार्टी के पूर्ण बहुमत वाली तीसरी सरकार के गठन की जिम्मेदारी उठाएंगे। नगर निगम के साथ ही सभी निकायों में भाजपा के बहुमत का बोर्ड बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार पार्टी है और समस्याओं के समाधान का माद्दा रखती है। हर समस्या का समाधान हो, इसके लिए हर निकाय में भाजपा के बहुमत का बोर्ड बनना आवश्यक है।

जलभराव की समस्या का कर रहे स्थायी समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में पहले थोड़ी सी बारिश में जलभराव हो जाता था। पहले एक घंटे की बारिश में गीता प्रेस, साहबगंज जैसे इलाकों में तीन फुट पानी जमा हो जाता था। आज सरकार जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान में जुटी है। आप सब ने देखा होगा की पिछली बार लगातार 48 घंटे बारिश के बावजूद जलभराव नहीं हुआ।

गोड़धोइया नाला परियोजना में प्रभावितों को देंगे भरपूर मुआवजा
सीएम ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ही गोड़धोइया नाला परियोजना पर काम शुरू किया गया है। नाला भी बनेगा और उसके दोनों तरफ सड़कें भी बनेंगी। जिन लोगों की जमीन या मकान यदि किसी वजह से प्रभावित होंगे तो उनके पुनर्वास के लिए हम भरपूर कंपनसेशन भी देंगे। किसी भी व्यक्ति का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, राज्यसभा सदस्य डॉ राधामोहन दास अग्रवाल, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, निवर्तमान महापौर सीताराम जायसवाल, पूर्व महापौर श्रीमती अंजू चौधरी, महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, निकाय चुनाव संयोजक चिरंजीव चौरसिया, वरिष्ठ व्यापारी नेता सत्य प्रकाश सिंह मुन्ना, गोरखपुर किराना कमेटी के अध्यक्ष उमेश मद्देशिया, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल, मंत्री प्रवीण मोदी, चैंबर ऑफ ट्रेडर्स के अध्यक्ष अनूप किशोर अग्रवाल, दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेन्द्रनाथ दूबे,नितिन जायसवाल समेत 28 व्यापारिक संगठनों के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे।

rkpnews@somnath

Recent Posts

हल्दीरामपुर ग्राम पंचायत में 15 लाख की वित्तीय अनियमितता, प्रधान समेत तीन के खिलाफ एफआईआर

बिना कार्य कराए सरकारी धन के भुगतान का आरोप, जांच में खुली गड़बड़ी; विभागीय कार्रवाई…

5 hours ago

प्रसूता की मौत को लेकर सीएचसी बरहज पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप…

5 hours ago

प्रो. अजय शुक्ला बने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के चीफ वार्डेन

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के आचार्य प्रो. अजय…

23 hours ago

योग से स्वस्थ मातृत्व का संदेश, महिला चिकित्सालय में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए विशेष शिविर

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के महिला…

23 hours ago

ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, परिवार में मचा कोहराम

घर के बाहर निकलते समय बिगड़ा संतुलन- सड़क पर गिरने के बाद ट्रैक्टर से हुए…

23 hours ago

मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला से मचा हड़कंप

लीलकर गांव में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस महिला को सुरक्षित उतारने में जुटी सिकंदरपुर…

23 hours ago