सर्वोदय विद्यालय में किचन गार्डेन, सीसीटीवी व सीसी सड़क के निर्देश —स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में शिक्षा और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शुक्रवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय धनेंवा धनेंई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कक्षा-कक्ष, छात्रावास, मेस, स्टाफ आवास सहित परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया गया।
मेस निरीक्षण के समय डीएम ने स्वयं भोजन चख कर गुणवत्ता की जांच की और पैकेट बंद खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट देखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्राओं के भोजन में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। विद्यालय परिसर में लगी पानी की टंकी खराब मिलने पर उसकी मरम्मत के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम को निर्देशित किया गया।
छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सीसी सड़क निर्माण कराने और अन्य बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में किचन गार्डेन विकसित कर सहजन, कटहल, केला सहित पौष्टिक फलों और सब्जियों के रोपण पर जोर दिया, ताकि छात्राओं को ताजा और पोषणयुक्त आहार मिल सके।
कक्षा निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। समाज कल्याण विभाग को मेंटरशिप कार्यक्रम संचालित कर छात्राओं के शैक्षणिक और मानसिक विकास में सहयोग देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम पहुंचकर बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया और कमियों को शीघ्र दूर कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी की सख्ती से विद्यालय प्रशासन में सक्रियता बढ़ी है और व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
मऊ।(राष्ट्र की परम्परा)जनपद मऊ में जिला बचत कार्यालय से जुड़े अभिकर्ताओं के कार्यों को लेकर…
कुशीनगर, (राष्ट्र की परम्परा)जनपद कुशीनगर में वर्षों से बंद पड़ी पडरौना चीनी मिल को दोबारा…
देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)आगामी पर्वों को सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य…
दोषियों व लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम के लिए…
घोसी (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद मऊ में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशे में…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के डोमा काटी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी…