बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। महिलाओं एवं बेटियों के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता और अपने अधिकारों की जानकारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मंगलवार को बृजमनगंज ब्लॉक सभागार में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा, सम्मान, कानूनी अधिकारों तथा अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।थाना बृजमनगंज की मिशन शक्ति टीम ने महिला वरिष्ठ उप-निरीक्षक अर्चना यादव के नेतृत्व में महिलाओं से संवाद किया। महिला कांस्टेबल खुशबू सिंह और छाया गौतम ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, लैंगिक हिंसा तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया।प्रशिक्षकों ने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न को सहन करना समाधान नहीं है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर अपराध अथवा प्रताड़ना की स्थिति में बिना भय के पुलिस और संबंधित विभाग से संपर्क करना चाहिए। समय रहते शिकायत करने और सहायता लेने से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
सम्मेलन में साइबर अपराध को लेकर भी महिलाओं और किशोरियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। मिशन शक्ति टीम ने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण, पासवर्ड अथवा ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी। संदिग्ध मैसेज, अनजान नंबरों से आने वाली कॉल और फर्जी लिंक से भी सावधान रहने को कहा गया।प्रशिक्षकों ने बताया कि साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में सतर्कता बरतकर आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है। किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित पुलिस अथवा साइबर सहायता तंत्र से संपर्क करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान ‘हमारा संबंध जाल’ और ‘हमारी ताकत’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से पारिवारिक संवाद, आपसी सहयोग और सामूहिक शक्ति का महत्व समझाया गया। महिलाओं को बताया गया कि मजबूत पारिवारिक एवं सामाजिक सहयोग तंत्र संकट की स्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम में पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को उपलब्ध सहायता तंत्र और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी। सम्मेलन में महिलाओं और किशोरियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में…
बस्ती (राष्ट्र की परम्परा)। विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि…
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ…
2027 यूपी विधानसभा चुनाव: 115 सीटों पर सियासी गणित, BJP-SP के मुकाबले में BSP और…
स्वास्थ्य सेवाओं की जांच कर डीएम ने दिए सख्त निर्देश, मरीजों को बेहतर इलाज और…
हिसार (राष्ट्र की परम्परा)। डॉ. सत्यवान सौरभ समकालीन हिंदी पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक चिंतन के…